रायपुर के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में सिटी सेंटर मॉल की पार्किंग से इनोवा वाहन गबन करने के मामले में पुलिस ने आरोपी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार क्रमांक ओडी 15 ए 5089 बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार ओडिशा के सम्बलपुर निवासी सुरजीत सिंह चावला 18 अप्रैल 2026 को अपने परिवार के साथ रायपुर आए थे और दोपहर करीब 2 बजे सिटी सेंटर मॉल पहुंचे। उनके पुत्र ने पार्किंग टिकट लेकर वाहन की चाबी मॉल के कर्मचारी को सौंप दी थी। कुछ समय बाद लौटने पर वाहन पार्किंग में नहीं मिला, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रार्थी की शिकायत पर देवेन्द्र नगर थाना में अपराध क्रमांक 61/26 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मॉल का कर्मचारी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू वाहन लेकर फरार हो गया था। वाहन के साथ ही उसमें रखा पर्स, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और करीब 15 हजार रुपये नगद भी गायब थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और देवेन्द्र नगर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और आरोपी की मूवमेंट ट्रैक की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अंततः उसे इनोवा वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि पंडरी थाना क्षेत्र में भी वह वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। इसके अलावा सरस्वती नगर और माना थाना में उसके खिलाफ पूर्व में कार्रवाई हो चुकी है और वह पहले जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।


