आईपीएल के आगामी सत्र में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने सात घरेलू मुकाबलों में से दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। टीम अपने पांच घरेलू मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि दो मुकाबले पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धता के तहत रायपुर में आयोजित किए जाएंगे।
फ्रेंचाइजी के बयान के अनुसार यह निर्णय संबंधित सभी प्राधिकरणों के साथ समन्वय और आवश्यक तैयारियों के बाद लिया गया है। हाल ही में चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम की खिताबी जीत के बाद हुई भगदड़ की घटना के चलते वहां मैच आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। उस घटना में 11 दर्शकों की मृत्यु हुई थी। इसके बाद से स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी-20 जैसे प्रमुख घरेलू मुकाबले आयोजित नहीं हुए थे।
फ्रेंचाइजी ने कहा है कि आईपीएल सत्र से पहले बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिसके बाद अधिकांश घरेलू मैच बेंगलुरु में आयोजित किए जाएंगे। वहीं दो मुकाबले रायपुर में खेले जाने की पुष्टि की गई है।
रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूर्व में भी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। आगामी सत्र में यहां होने वाले दो मुकाबलों को लेकर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी लीग शेड्यूल जारी होने के साथ स्पष्ट होगी।


