छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए बॉयलर विस्फोट में कई मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में लगे बॉयलर के अचानक फटने से तेज धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना दोपहर के समय हुई, जब बड़ी संख्या में मजदूर प्लांट में काम कर रहे थे।
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के क्षेत्रों तक सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 7 से 10 मजदूरों की मौके पर ही मौत होने की आशंका है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेराबंदी में लिया गया है।
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घटना के कारणों की जांच के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। तकनीकी टीम द्वारा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बॉयलर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की चूक हुई थी।
जिले के अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता घायलों का उपचार और सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालना है। इसके लिए अतिरिक्त एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
फिलहाल प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है। घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों और घायलों की सटीक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।


