रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल पहल सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुलभ सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी पहल का लाभ उठाते हुए ग्राम तेलावट निवासी बसंत कुमार साहू ने अपनी तीन वर्षीय बेटी गेश्रीका का नाम राशन कार्ड में जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के अगले ही दिन उनकी बेटी का नाम राशन कार्ड में दर्ज कर दिया गया।
राशन कार्ड की अद्यतन प्रति कलेक्टर निलेश महादेव क्षीरसागर ने स्वयं बसंत कुमार साहू को सौंपते हुए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई गई त्वरित सेवा की जानकारी दी।
बसंत कुमार साहू ने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के कारण अब सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कम समय में ही आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से आम नागरिकों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। साथ ही सरकारी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी हो गई हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार नागरिक सेवाओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु पोर्टल का लगातार विस्तार कर रही है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों की अनेक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।



