रायपुर में शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक भाजपा नेत्री और उनके पति बंदूक से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अब तक घटना की सटीक लोकेशन और तारीख की पुष्टि नहीं कर पाई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला एक पूर्व विधायक के करीबी परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही महिला को भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि उसका पति बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी शासकीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शादी समारोह के बीच डीजे और फिल्मी गानों के दौरान हर्ष फायरिंग होती दिखाई दे रही है। एक वीडियो में दंपति एक ही बंदूक से बारी-बारी फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में महिलाएं और कुछ युवतियां भी हथियार पकड़कर फायरिंग करती दिखाई दे रही हैं। एक अन्य क्लिप में एक बच्चा भी हथियार के साथ नजर आ रहा है। इन्हीं दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाए हैं। कई यूजर्स ने सार्वजनिक समारोहों में हथियारों के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है।
बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने पर रील भी बनाई गई थी। वही वीडियो बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया और कुछ ही घंटों में तेजी से फैल गया। इसके बाद लोगों ने रायपुर पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी वीडियो की सत्यता, इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना स्थल की पुष्टि करने में जुटे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि हथियार लाइसेंसी था या नहीं और फायरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान भी की जा रही है। जांच के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स और मूल वीडियो फुटेज की पड़ताल कर रही है।
रायपुर और आसपास के इलाकों में शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार लोगों से सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग से बचने की अपील करती रही है, क्योंकि इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
इस मामले में अभी तक संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



