गरियाबंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजिम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 13.775 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा, कार और मोबाइल फोन समेत कुल 14 लाख 12 हजार 250 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को थाना प्रभारी राजिम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक OD-26-F-3603 में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा लेकर कुछ लोग ग्राम कौंदकेरा की ओर से राजिम आ रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और जोरा तालाब के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के भीतर रखे बैगों से गांजा बरामद हुआ।
तीन वयस्क आरोपी और दो बालक पकड़े गए
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कमलेश यादव (31 वर्ष) निवासी छाती भांगठापारा थाना कुरूद जिला धमतरी, दीपक राव (25 वर्ष) निवासी सेम्हराडीह शीतलापारा कुरूद जिला धमतरी तथा बेंजामिन सिंह (37 वर्ष) निवासी माहुलभाठा थाना नुआपाड़ा, ओडिशा बताए। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी वाहन में मौजूद थे।
14 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.775 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 77 हजार 250 रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है, तथा पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 14 लाख 12 हजार 250 रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी जब्त सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



