रायपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल के एक छात्र से मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और घटना के बाद कार्रवाई को लेकर सवाल उठे हैं। शिकायत के अनुसार, कक्षा 9 के छात्र के साथ उसके साथी छात्रों ने मारपीट की और आरोप है कि हमले के लिए बाहरी लोगों को भी बुलाया गया था। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील के रूप में डालने की बात भी शिकायत में कही गई है।
शिकायत के मुताबिक, वायरल वीडियो में फिल्म ‘तिरंगा’ के संवाद का इस्तेमाल करते हुए धमकी देने का आरोप है। वीडियो में कथित तौर पर, “हम डॉन हैं, मां वकील है, जज से सेटिंग है” संवाद सुनाई देता है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन को मामले की जानकारी दी गई और प्राचार्य के सामने शिकायत रखी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी छात्र की मां ने थाने पहुंचकर अपने बेटे के पक्ष में हंगामा किया। उनके समर्थन में कुछ वकीलों के भी थाने पहुंचने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, स्कूल स्तर पर कार्रवाई नहीं होने और आगे परेशानी की आशंका के चलते पीड़ित छात्र ने बाद में स्कूल से स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) ले लिया।
पुरानी बस्ती पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मामला
पुरानी बस्ती पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों छात्र कक्षा 9 में पढ़ते हैं और उनके बीच अनुशासन से जुड़े एक मामले को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, मारपीट का आरोप जिस छात्र पर है, उसी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो बाद में हटा दिया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115, 351, 327, 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना से जुड़े आरोपों में स्कूल प्रबंधन की भूमिका और शिकायत के बाद की गई कार्रवाई को लेकर पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस के अनुसार दोनों छात्रों के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों पर कानूनी कार्रवाई की गई है।



