रायगढ़, 18 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले के ग्राम एकताल की पारंपरिक झारा बेलमेटल शिल्पकला को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान गांव के 13 शिल्पकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिल्पकारों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पारंपरिक कला, कलाकृतियों के निर्माण की तकनीक और इस विधा से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान शिल्पकारों ने एकताल की प्रसिद्ध झारा बेलमेटल कला की विशेषताओं, धातु को आकार देने की पारंपरिक प्रक्रिया और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा को आगे बढ़ाने के प्रयासों के बारे में बताया। राष्ट्रपति ने उनके अनुभवों को जाना और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्प विधाओं की सराहना की।
छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, रायगढ़ के सहायक प्रबंधक आर.आर. भगत के नेतृत्व में पांच महिला और आठ पुरुष शिल्पकारों का दल 13 नवंबर की शाम बस से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। 16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में उनकी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात हुई। इस दौरान शिल्पकारों ने अपनी कला की बारीकियों और पारंपरिक निर्माण तकनीक की जानकारी साझा की।
राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए भी चुनी गई थी कला
रायगढ़ जिले का ग्राम एकताल झारा बेलमेटल शिल्पकला के लिए जाना जाता है। यहां के शिल्पकार पारंपरिक तकनीकों से धातु की आकर्षक और कलात्मक आकृतियां तैयार करते हैं। इसी विशिष्टता के चलते एकताल की बेलमेटल कलाकृतियों का चयन राष्ट्रपति भवन के विशेष ‘एट होम’ कार्यक्रम के लिए किया गया था।
इससे पहले 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली में तैयार किए गए निमंत्रण बॉक्स में भी ग्राम एकताल के शिल्पकारों की कलाकृतियों को स्थान मिला था। यहां के शिल्पकार अपनी उत्कृष्ट कला के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों से भी सम्मानित हो चुके हैं।
पीढ़ियों से संजोई शिल्प परंपरा को मिला राष्ट्रीय मंच
एकताल की झारा बेलमेटल शिल्पकला केवल कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और शिल्पकार परिवारों की पीढ़ियों से चली आ रही साधना का प्रतीक है। पारंपरिक विधियों से तैयार की जाने वाली इन कलाकृतियों में स्थानीय संस्कृति और शिल्प कौशल की झलक दिखाई देती है।
राष्ट्रपति भवन में शिल्पकारों को मिला सम्मान इस पारंपरिक कला को व्यापक पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे इस विधा से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहन मिलने के साथ नई पीढ़ी को भी पारंपरिक शिल्प से जुड़ने की प्रेरणा मिल सकती है।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलने वाले 13 शिल्पकारों में धनीराम झारा, भीम झारा, रघु झारा, राज झारा, ममता झारा, पूजा झारा, केशव झारा, रमोला झारा, पंकजीनी झारा, प्रदीप झारा, त्रिनाथ झारा, पिंकी झारा तथा अभिमन्यु झारा शामिल रहे।



