कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र में चोरी हुई स्विफ्ट डिज़ायर कार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया है। प्रार्थी गजेन्द्र सिन्हा, उम्र 43 वर्ष, निवासी कोरर, ने 05 नवंबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्विफ्ट डिज़ायर कार क्रमांक CG 19 TS 3477 घर के सामने खड़ी थी, जो सुबह लगभग छह बजे चोरी हो गई। आसपास खोजबीन करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चलने पर मामले की रिपोर्ट थाना कोरर में दर्ज की गई। प्रार्थी की शिकायत पर धारा 303(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण ऐलेसेला के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केवटीनटोला में संदेही सुषील कुमार नायक चोरी की गई कार के मामले में संलिप्त हो सकता है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।
पूछताछ में सुषील नायक ने कार चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह पहले प्रार्थी के यहां कार्य कर चुका है। इसी दौरान उसने प्रार्थी के क्लिनिक से कार की चाबी चोरी की थी और फिर 04 नवंबर की रात लगभग तीन बजे कार लेकर भाग गया था। उसका उद्देश्य वाहन को बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करना था। आरोपी की निशानदेही और तत्परता से की गई खोजबीन के बाद पुलिस ने चोरी की गई स्विफ्ट डिज़ायर कार को गढ़पिछवाड़ी, कांकेर से बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी सुषील कुमार नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम केवटीनटोला, को 15 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत कर दिया। कार चोरी के इस मामले में कोरर पुलिस की सक्रियता और तेज कार्रवाई से प्रार्थी की संपत्ति सुरक्षित बरामद हो सकी और आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।



