रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर इलाके में स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चारों ओर घना धुआं फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग DEO कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में लगी, जहां शिक्षा विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें, दस्तावेज और सरकारी अभिलेख रखे गए थे। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे बड़ी संख्या में आवश्यक रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जले हुए दस्तावेजों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि आग में नष्ट हुई फाइलों का सीधा असर प्रशासनिक कार्यों और शैक्षणिक रिकॉर्ड पर पड़ सकता है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण जिम्मेदार है।



