रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डिजिटल ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मोबाइल चोरी के बाद एक महिला डॉक्टर के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए दो लाख 26 हजार 562 रुपये निकाल लिए गए। यह मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता डॉ. निधि ग्वालरे समता कॉलोनी की निवासी हैं और वर्तमान में नवा रायपुर स्थित संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं भवन में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। जानकारी के अनुसार, डॉ. निधि 13 जनवरी को दिल्ली से समता एक्सप्रेस ट्रेन से रायपुर पहुंचीं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे वे रेलवे स्टेशन से ऑटो के जरिए अपने घर लौटीं।
घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपना पिट्ठू बैग चेक किया, तो मोबाइल फोन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल आजाद चौक थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई और संबंधित सिम को बंद कराया।
कुछ दिनों बाद डॉ. निधि ने नया मोबाइल लेकर उसी नंबर का डुप्लीकेट सिम दोबारा चालू कराया। 16 जनवरी को उनके मोबाइल पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से खाते से 5 हजार रुपये डेबिट होने का मैसेज आया, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
संदेह के बाद उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। जांच में सामने आया कि 13 जनवरी से 16 जनवरी के बीच अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में उनके खाते से कुल 2 लाख 26 हजार 562 रुपये निकाल लिए हैं। इसके बाद डॉ. निधि ने डिजिटल ठगी की भी शिकायत थाने में दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन डिटेल, मोबाइल डेटा और यूपीआई ट्रेल की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल के जरिए यूपीआई एक्सेस कैसे हासिल किया और रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई।
गौरतलब है कि रायपुर में हाल के दिनों में डिजिटल ठगी के मामले तेजी से बढ़े हैं। इससे पहले डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.28 करोड़ रुपये की ठगी का मामला भी सामने आ चुका है, जिसमें एक रिटायर्ड डॉक्टर को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर ठगा गया था।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत सिम, बैंक और यूपीआई सेवाओं को ब्लॉक कराएं तथा अपने खातों की नियमित निगरानी करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।



