रायपुर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित कार्यालय को अज्ञात व्यक्ति ने 12 बम लगाने का दावा करते हुए धमकी भरा मेल भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमकी मिलने के बाद कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंचकर सघन जांच में जुटी है। पुलिस ने पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली। समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल की तकनीकी जांच प्रारंभ कर दी गई है। साइबर सेल की सहायता से मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मेल का संबंध तमिलनाडु राज्य से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए हैं और कार्यालय की गतिविधियां निगरानी में संचालित की जा रही हैं।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।


