रायपुर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो गया है। इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश का 14 सदस्यीय वेटलिफ्टिंग दल रविवार सुबह रायपुर पहुंचा। दल में 13 खिलाड़ी और एक सहयोगी स्टाफ शामिल है।
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों के आगमन पर पारंपरिक राऊत नाचा की प्रस्तुति के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को गुलाब भेंट कर स्वागत किया गया। अधिकारियों के अनुसार 23 मार्च को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन पहली बार छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। यह आयोजन रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के लगभग तीन हजार जनजातीय खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रतियोगिताएं 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। इस दौरान पुरुष और महिला वर्गों में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग सहित कुल सात खेलों की स्पर्धाएं होंगी।
आयोजन को लेकर राज्य में तैयारियां जारी हैं और विभिन्न स्थलों पर खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास और प्रतियोगिता की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।


