रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 1 अप्रैल 2026 को हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद हत्या का खुलासा करते हुए लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। जिंदल अस्पताल पतरापाली से मिली आकस्मिक मृत्यु की सूचना के आधार पर प्रारंभ में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर दबाव से दम घुटने के कारण मौत को “होमीसाइडल” बताया गया, जिससे मामला हत्या का पाया गया।
मृतका की पहचान धनेश्वरी विश्वकर्मा (32 वर्ष) निवासी पोड़ीभाठा अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों से किरोडीमल नगर में अपने लिव-इन पार्टनर विकेश बरेठ के साथ रह रही थी। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद संदेह के आधार पर विकेश बरेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मृतका का इलाज कराता था, लेकिन दवा लेने और अन्य घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने मृतका के मंगलसूत्र से गला दबा दिया। इसके बाद मृतका बेहोश हो गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने घटना के वास्तविक कारण को छिपाने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर कोतरारोड़ थाना में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर 7 अप्रैल 2026 को आरोपी विकेश कुमार बरेठ (26 वर्ष) निवासी भंवरमाल, थाना बम्हनीनडीह जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी सहित अन्य अधिकारियों की भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से विवाद की स्थिति में कानूनी उपाय अपनाने की अपील की गई है।


