राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाई-क्वालिटी ओजी गांजा की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी रितिक पसरिचा के रूप में हुई है, जो रायपुर के शंकर नगर स्थित अशोका हाईट्स में किराये के मकान में रहकर गांजा सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 114 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला ओजी गांजा और 2.87 किलोग्राम सामान्य गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 3.62 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रितिक पसरिचा राजधानी में हाई-प्रोफाइल ग्राहकों को विशेष रूप से ओजी गांजा की सप्लाई करता था। यह पहली बार है जब रायपुर में इस प्रकार का उच्च गुणवत्ता वाला ओजी गांजा पकड़ा गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी कटोरा तालाब इलाके में गांजा की डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गांजे की सप्लाई के लिए कुरियर सेवाओं का इस्तेमाल करता था, जिससे वह लंबे समय तक पुलिस की नजर से बचा रहा। पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि आरोपी दिल्ली से गांजा मंगवाकर रायपुर में नेटवर्क के माध्यम से उसकी सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओजी गांजा सामान्य गांजे की तुलना में अधिक महंगा और उच्च गुणवत्ता का माना जाता है, जिसकी मांग खास वर्ग के ग्राहकों में अधिक होती है। आरोपी इस विशेष प्रकार के गांजे को सीमित ग्राहकों तक पहुंचाता था और इसके लिए अलग नेटवर्क संचालित कर रहा था।
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब आरोपी के संपर्कों, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।


