रायपुर में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 17 अप्रैल को फ्लाइट से रायपुर लाया गया। इस मामले में अब तक कुल 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शुरुआती कार्रवाई में 7 आरोपियों को पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से BMW कार सहित करीब 60 लाख रुपये के सामान जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया पर सक्रिय इन्फ्लुएंसर था और इसी माध्यम से वह हाई प्रोफाइल सट्टेबाजों से संपर्क स्थापित करता था। उसने ‘3 STUMPS’ नाम से एक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया था, जिसे महादेव ऐप की तर्ज पर संचालित किया जा रहा था। इस प्लेटफॉर्म को उसके रिश्तेदार और करीबी अलग-अलग शहरों से ऑपरेट कर रहे थे।
जांच के अनुसार आरोपी का नेटवर्क रायपुर के अलावा मुंबई, पुणे और गोवा तक फैला हुआ था। सिंडिकेट में शामिल प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग भूमिका तय थी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था। आरोप है कि खेमानी सट्टा खेलने वालों पर दबाव बनाकर उनसे पैसे वसूलता था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी ने अपने नेटवर्क को दूसरे राज्यों में शिफ्ट कर दिया था, जिससे उसकी गतिविधियों का पता लगाना और मुश्किल हो गया था। हालांकि तकनीकी जांच और इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसे मुंबई में ट्रेस कर गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विदेशी कनेक्शन हो सकते हैं। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2011 में दुबई, 2023 में थाईलैंड और 2025 में तीन बार दुबई की यात्रा कर चुका है। इन यात्राओं के आधार पर उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि सट्टे के ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल अकाउंट्स का उपयोग किया जा रहा था, जिससे पैसों के लेन-देन का ट्रैक करना कठिन हो जाता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा से जुड़े 11 मामलों में कार्रवाई कर 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के संगठित नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


