दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार गांव स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। यह पहल सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और माणदेशी फाउंडेशन के सहयोग से की गई है, जिसका उद्देश्य वनांचल क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान सचिन तेंदुलकर ने बच्चों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया। रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें स्थानीय छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बच्चों के साथ सहभागिता के माध्यम से उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।
इस पहल के तहत क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में खेल मैदान विकसित किए जाने की योजना है, जिसमें क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल और कबड्डी जैसे खेलों को भी शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में माणदेशी फाउंडेशन की फाउंडर चेतना सिन्हा भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर ने छात्रों को संबोधित करते हुए अनुशासन, कड़ी मेहनत और खेल सुविधाओं के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर अधोसंरचना और निरंतर अभ्यास आवश्यक है। साथ ही उन्होंने खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही।
इस अवसर पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि इस प्रकार की पहल से बस्तर क्षेत्र के बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और सचिन तेंदुलकर को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। आयोजन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और छात्रों की भागीदारी रही।


