रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की घटना में एक 16 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात लगभग 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुश बाघ (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने एक साथी के साथ क्षेत्र में मौजूद था, तभी कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके गर्दन पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना में उसके साथ मौजूद दूसरा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाना पहुंचे और विरोध जताया। लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
सूचना पर डीसीपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता और एसीपी रमाकांत साहू घटनास्थल और थाना पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और आश्वासन दिया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में काशीराम नगर क्षेत्र के कुछ युवकों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस आपसी विवाद सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


