एकीकृत बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) मुंगेली के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया में परियोजना मुंगेली-01 और मुंगेली-02 के लिए प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन पूर्ण कर प्रथम सूची जारी कर दी गई है। परियोजना अधिकारी राजेन्द्र गेंदले ने बताया कि दोनों परियोजनाओं में कुल एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आठ सहायिका पदों पर भर्ती की जानी है, जिस पर दावा-आपत्ति 10 मई 2026 तक आमंत्रित की गई है।
परियोजना मुंगेली-01 के अंतर्गत चार सहायिका पदों के लिए 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इन आवेदनों का मूल्यांकन 29 अप्रैल 2026 को किया गया। परियोजना मुंगेली-02 में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं चार सहायिका पदों के लिए 20 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिनका मूल्यांकन 23 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ।
परियोजना अधिकारी के अनुसार अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां केवल ऑनलाइन पोर्टल aww.e-bharti.in के माध्यम से ही दर्ज करा सकते हैं। संबंधित परियोजना कार्यालय में जाकर अथवा अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से पोर्टल पर सूची का अवलोकन किया जा सकता है। कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से आपत्ति प्रस्तुत करने का प्रावधान नहीं है।
विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि 10 मई 2026 से पूर्व पोर्टल पर अपनी आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं, क्योंकि निर्धारित समयसीमा के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।


