केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह शनिवार शाम दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
एयरपोर्ट परिसर में इस दौरान प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की विशेष व्यवस्था देखने को मिली। भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी विमानतल पर मौजूद रहे। केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा बढ़ाई गई थी।
श्री अमित शाह रायपुर पहुंचने के बाद सीधे नवा रायपुर स्थित होटल के लिए रवाना हुए, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट मोड पर हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री 18 मई की सुबह रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के लिए तैयार किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वे जगदलपुर रवाना होंगे, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। एयरपोर्ट से लेकर वीआईपी मूवमेंट रूट तक पुलिस बल तैनात किया गया है। राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं।



