रायगढ़ जिले में साइबर पुलिस थाना ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में कार्रवाई करते हुए 128 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटा दिए। यह वितरण कार्यक्रम 19 अप्रैल को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में लोगों को उनके मोबाइल सौंपे गए।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक है। ये मोबाइल विभिन्न राज्यों और जिलों में सक्रिय पाए गए थे, जिन्हें तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर वापस मंगाया गया। जांच में बिहार, कोलकाता सहित अन्य स्थानों से मोबाइल की लोकेशन मिलने के बाद संबंधित एजेंसियों के समन्वय से इन्हें रायगढ़ लाया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की और बताया कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।
साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर ने बताया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करना आवश्यक है। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने और ट्रैक करने में मदद मिलती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसी घटनाओं में देरी न करें, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुम मोबाइल का उपयोग करना अपराध की श्रेणी में आता है। यदि किसी के पास संदिग्ध मोबाइल मिलता है, तो उसे तत्काल नजदीकी थाना में जमा कराना चाहिए, अन्यथा तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


