रायपुर। भोपाल से रायपुर भेजी जा रही करीब 1,500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर की खेप को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा जांच चौकी पर पकड़ा गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में शुक्रवार को पूरी खेप नष्ट करा दी। इस मामले में परिवहन दस्तावेजों में दर्ज भोपाल और रायपुर की दो फर्मों ने माल का स्वामित्व स्वीकार करने से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार, साल्हेवारा पुलिस ने गुरुवार को जांच चौकी पर वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 को रोका था। वाहन की तलाशी में 50-50 किलोग्राम के 30 बॉक्स मिले। कुल वजन करीब 1.5 टन बताया गया। इसके बाद पुलिस ने सामग्री खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सौंप दी।
**डिब्बों पर जरूरी जानकारी नहीं मिली**
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के निरीक्षण में बॉक्स पर सामग्री में इस्तेमाल किए गए घटकों, निर्माण और अवसान तिथि, बैच नंबर तथा निर्माता की जानकारी जैसे अनिवार्य विवरण नहीं मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे के मुताबिक, खेप का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
**बिल में दो फर्मों के नाम**
परिवहन दस्तावेजों में भोपाल की द माखन डेयरी को विक्रेता और रायपुर की श्री बालाजी इंटरप्राइजेज को खरीदार बताया गया था। हालांकि, दोनों फर्मों ने खेप पर अपना अधिकार होने से इनकार किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
**संदिग्ध एनालॉग पनीर की खेप नष्ट**
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में शुक्रवार को 30 बॉक्स की पूरी खेप नष्ट करा दी। विभाग ने कार्रवाई को राज्य में चलाए जा रहे 15 दिवसीय ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान से जुड़ा बताया है। विभाग के अनुसार, राज्य में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध है।
एनालॉग पनीर दूध से बने पारंपरिक पनीर से अलग उत्पाद होता है, जिसमें दूध की वसा के स्थान पर आंशिक या पूरी तरह वनस्पति वसा अथवा अन्य गैर-दुग्ध सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस मामले में जब्त खेप की वास्तविक संरचना और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति प्रयोगशाला जांच से स्पष्ट होगी। इसलिए जांच रिपोर्ट आने से पहले इसे मिलावटी या मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक घोषित करना उचित नहीं होगा।
इससे दो दिन पहले रायपुर में भी करीब 100 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर नष्ट किए जाने की जानकारी अधिकारियों ने दी थी। दोनों कार्रवाइयों के बाद विभाग की निगरानी और अंतरराज्यीय खाद्य सामग्री के परिवहन की जांच पर ध्यान गया है।



