रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल का साक्षी बना। सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के एयर शो में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित किया। पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन, हवाई करतबों, आसमान में तिरंगे के रंगों और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का आयोजन गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वायु सेना के जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ कौशल दिखाया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके अनुसार, यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और विकास की कामना की।
अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का उदाहरण है सारंग टीम
राज्यपाल ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस तरह मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी तरह सारंग टीम भारतीय वायु सेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों की विभिन्न फॉर्मेशन और साहसिक करतब देखने में सहज लग सकते हैं, लेकिन इनके पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, गहरी एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है। प्रत्येक पायलट को अपनी भूमिका के साथ-साथ अपने साथियों की गतिविधियों पर भी ध्यान देना होता है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आपसी विश्वास और सटीक तालमेल ही ऐसी प्रस्तुतियों को संभव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन लक्ष्य हासिल करने का संदेश देता है तथा युवाओं को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से उतरकर दिखाया साहस और सटीक नियंत्रण
एयर शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। खुले आसमान से छलांग लगाने वाले टीम के सदस्यों ने पैराशूट को कुशलता से नियंत्रित करते हुए साहस, संतुलन और सटीकता का प्रदर्शन किया। निर्धारित दिशा और गति के अनुसार पैराशूट नियंत्रित कर स्काईडाइवर्स ने सेंध लेक के सामने तय स्थान पर लैंडिंग की। उनकी सफल लैंडिंग के बाद दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया। प्रदर्शन ने वायु सेना के जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता, दृढ़ता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की झलक दिखाई।

गरुड़ कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया
आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने विशेष अभियानों में अपनी दक्षता दिखाई। कमांडोज ने एयर शो से पहले आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया गया, जिसमें हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से जवान रस्सियों के सहारे नीचे उतरे। सेंध लेक के सामने कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन कर त्वरित कार्रवाई, परिचालन क्षमता और कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने का कौशल दिखाया। प्रदर्शन के बाद जवानों ने मंच को सलामी दी। उनके अनुशासित प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन और क्रॉसओवर बने आकर्षण
एयर शो का प्रमुख आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन और हवाई करतब प्रस्तुत किए। पायलटों ने सटीक नियंत्रण, संतुलन और समन्वय का प्रदर्शन किया। कभी हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के करीब आते दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़कर फिर से फॉर्मेशन में लौटे। हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के उड़ान पथ के पास से गुजरने वाला क्रॉसओवर करतब खास आकर्षण रहा। इस दौरान पायलटों की एकाग्रता, उड़ान पर नियंत्रण और आपसी तालमेल दिखाई दिया।

सारंग के कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के माध्यम से प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस संदेश पर दर्शकों ने उत्साह जताया। राज्य स्थापना दिवस पर भारतीय वायु सेना की ओर से छत्तीसगढ़ की पहचान और जनभावनाओं को सम्मान देने का यह क्षण यादगार रहा।
तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ के साथ समापन
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे के रंगों वाली फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंगों की छटा, हेलीकॉप्टरों का तालमेल और देशभक्ति गीत की गूंज ने दर्शकों को भावविभोर किया। इसी प्रस्तुति के साथ एयर शो का समापन हुआ।

उल्लेखनीय है कि सारंग भारतीय वायु सेना की पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। टीम देश-विदेश में अपने प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण, अनुशासन और पेशेवर क्षमता का परिचय देती रही है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।




1 टिप्पणी
Pingback: रायपुर: IIMUN ने राज्यपाल को बिलासपुर यूथ कनेक्ट का न्योता