रायपुर के मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में हुए विवाद के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Soma Devangan, उसकी साथी गरिमा और रॉकी बॉक्सर उर्फ रोहन नरवाल को गिरफ्तार किया है। मामले में रोहन नरवाल को जेल भेजा गया है, जबकि सह-आरोपी सोमा देवांगन और गरिमा को कोर्ट से जमानत मिल गई।
यह पूरा मामला 9 मई की रात का बताया जा रहा है। घटना रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में हुई। शिकायतकर्ता शिक्षिका धनिशा धीवर अपने परिवार और बच्चों के साथ मॉल घूमने पहुंची थीं। वापस लौटते समय उनका परिवार बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 JC 1581 को पार्किंग से निकाल रहा था।
इसी दौरान कार क्रमांक CG 04 NH 9699 में सवार रोहन नरवाल, सोमा देवांगन और गरिमा वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार पार्किंग में वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रोहन नरवाल गाड़ी से उतरते ही गोपेश साहू को “गांव का गंवार” कहकर गाली देने लगा। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी ने “ऐसे लोगों को मॉल में एंट्री कौन देता है” जैसी बातें कहीं।
परिवार ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपी खुद को मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। बात बढ़ने पर मौके का माहौल तनावपूर्ण हो गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि रोहन नरवाल अपनी कार से हॉकी निकाल लाया और मारपीट की धमकी देने लगा।
बीच-बचाव के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार गोपेश साहू के पैर में चोट आई, जबकि शिक्षिका के बेटे अरमान धीवर के हाथ में भी चोट लगी। घटना के बाद मॉल परिसर में कुछ समय के लिए भीड़ जमा हो गई थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सोमवार दोपहर पुलिस ने नोटिस जारी कर सोमा देवांगन और गरिमा को पूछताछ के लिए बुलाया। बयान दर्ज करने और पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कार्रवाई के बाद रोहन नरवाल उर्फ रॉकी बॉक्सर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं सह-आरोपी सोमा देवांगन और गरिमा को अदालत के निर्देश पर जमानत मिल गई।
घटना के बाद मामला सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा में बना हुआ है। वायरल वीडियो और पोस्ट्स के जरिए लोग इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। दूसरी ओर शिक्षक परिवार के समर्थन में देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ता भी तेलीबांधा थाने पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में दर्ज शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। मॉल परिसर में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई गई थी।



