मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के दो खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से बड़ी चुनौतियों को पार किया जा सकता है। उनके अनुसार, दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, पैरा तीरंदाजी में जीता स्वर्ण
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा दे चुके हैं। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हुए और उनका बायां पैर गंवाना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी शुरू की। नियमित अभ्यास और अनुशासन के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।
मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने के बाद उन्होंने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति और प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन किया है।
क्लब फुट की चुनौती के बावजूद अभिजीत ने जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पैरा बैडमिंटन को लक्ष्य बनाकर कठिन अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा निखारी। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए प्रेरक बताया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी।
पैरा खिलाड़ियों को सहयोग देगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का वातावरण बना है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।



