रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इस अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम रखे गए हैं। इसके बाद 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश के सभी 32 जिला मुख्यालयों में भी आयोजन होंगे।
राज्य शासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिला स्तरीय आयोजनों में जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय समारोह
15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। यह दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकारी कार्यक्रमों में जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी नायकों के योगदान को प्रमुखता दी जा रही है।
32 जिला मुख्यालयों में तीन दिन के कार्यक्रम
राज्य शासन की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक 16 से 18 नवंबर तक सभी 32 जिला मुख्यालयों में आयोजन होंगे। 16 नवंबर को दीप प्रज्ज्वलन, 17 नवंबर को युवाओं के लिए छात्रवृत्ति शिविर और 18 नवंबर को पौधरोपण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
जिलों में मुख्य अतिथियों की सूची जारी
जारी सूची के अनुसार रायपुर में तोखन साहू, बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कोरबा में अरुण साव और बालोद में विजय शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। अन्य जिलों के लिए भी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रमों का निर्धारण संबंधित मुख्य अतिथियों के परामर्श से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के स्वतंत्रता सेनानियों और नायकों के योगदान को याद किया जाएगा।



