रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में वर्ष के अंत में एक अहम प्रशासनिक फैसला लिया गया है। राज्य सरकार के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 दिसंबर 2025 को आदेश जारी करते हुए पुलिस उप अधीक्षक (DSP) पद पर कार्यरत 16 अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर पदोन्नति प्रदान की है। यह आदेश 1 जनवरी 2026 से प्रभावशील होगा।
यह पदोन्नति 10 दिसंबर 2025 को आयोजित विभागीय पदस्थापना समिति की बैठक के आधार पर की गई है। आदेश छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यकारी (राजपत्रित) सेवा भर्ती एवं पदस्थापना नियम, 2005 के नियम 14 और नियम 23 के तहत जारी किया गया है। आदेश पर गृह विभाग के उप सचिव रामप्रसाद चौहान के हस्ताक्षर हैं।

पदोन्नत किए गए अधिकारियों में श्री रितेश चौधरी, श्री जितेन्द्र कुमार खूटे, श्रीमती अंजली नाग, श्री कर्ण कुमार उके, श्री मनोज कुमार ध्रुव, श्री पुष्पेन्द्र नायक, श्री मनोज तिवारी, श्रीमती सारिका वैध, श्रीमती निधि नाग, श्री कपिल चन्द्र, श्री अविनाश कुमार मिश्रा, श्री ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी, श्री योगेश कुमार साहू, श्री मयंक तिवारी, सुश्री रश्मीन कोरें चांदला और श्री अनिल कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं।
गृह विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इन अधिकारियों की पदस्थापना से संबंधित पृथक आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे। इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, गृह मंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक तथा महालेखाकार कार्यालय को भी प्रेषित की गई है।

पुलिस महकमे में इस पदोन्नति को प्रशासनिक मजबूती और वरिष्ठ नेतृत्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही इन पदोन्नत अधिकारियों की तैनाती से राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है।



