रायगढ़ में 9 फरवरी 2026 की शाम शहर के होटल ट्रिनिटी स्थित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से शाम करीब 7:30 बजे कार्रवाई की गई। पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा गया। संकेत मिलने पर पुलिस टीम ने होटल की सातवीं मंजिल पर स्थित स्पा सेंटर में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की गरिमा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में कमरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराए जाने की बात स्वीकार की, ऐसा पुलिस का कहना है। होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5जी मोबाइल, पाइंटर द्वारा दिए गए 6,000 रुपये नगद, स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर तथा वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा जब्त किया है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनयकांत बरगट, निवासी दुर्ग (हाल मुकाम होटल ट्रिनिटी, रायगढ़) और देवेन्द्र सिंह, निवासी बीडपारा रायगढ़ के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



