रायगढ़ जिले में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मार्च को एक ही दिन में आठ अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में स्क्रैप और वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई में छह ट्रक और एक माजदा वाहन से करीब 134 टन स्क्रैप बरामद किया गया। इसके अलावा मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त स्क्रैप की कीमत लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये और वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं और अवैध कबाड़ परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सूचना संकलन शुरू किया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मुख्य मार्ग और महुआ चौक तुमीडीह क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान छह ट्रकों और एक माजदा वाहन को रोका गया, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल और छड़ सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था। चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह के आधार पर स्क्रैप और वाहनों को जब्त कर वजन कराया गया।

कार्रवाई में सात लोगों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक दर्ज कर धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस तथा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि जब्त वाहनों में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के चालक शामिल हैं, जो स्क्रैप परिवहन कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर सूचना पर मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में छापेमारी की गई। यहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी के पास से 43 बोरी मैग्नीज मेटल और 57 बोरी पाईलेट गोली लोहा बरामद किया गया। कुल सामग्री का वजन लगभग साढ़े तीन टन के करीब बताया गया है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उक्त सामग्री को भी जब्त किया गया और आरोपी के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर निगरानी जारी रहेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


